
सिरसा, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। सिरसा शहर में सिटी थाना के निकट बेखौफ चोरों ने रविवार रात को तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी और सामान चुरा लिया। चोर शोरूम की छत के रास्ते में घुसे और स्टील की विंडो तोड़कर भीतर दाखिल हुए। उन्होंने लॉकर और गल्ले तोड़कर लगभग तीन लाख रुपये की नगदी पार कर ली। चोरी के सामान का मूल्यांकन किया जा रहा है। घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सोमवार सुबह मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। एक साथ तीन दुकानों में चोरी होने से व्यापारियों में गहरा रोष है, और उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने की अपील की है।
स्टालोस शोरूम के संचालक प्रवीण कुमार ने बताया कि चोर खिड़की तोड़कर अंदर गए और चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने केवल स्टालोस शोरूम नहीं, बल्कि मिस क्लाथ हाऊस पर भी वारदात की। चोर शोरूम के पीछे सीढ़ी लगाकर छत के जरिये अंदर घुसे थे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है। मिस क्लाथ हाऊस की संचालिका ने बताया कि चोरी हुए सामान का मूल्यांकन किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट है कि चोर दुकान में कपड़े पहनकर देख रहे थे और जूते भी बदलकर अपनी मनपसंद चीजें लेकर फरार हो गए। चोरों ने पास की एक दुकान का ताला तोड़कर सामान चुराया और बजाया।
