
भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारा देश परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और हर दिशा में विकास की बयार बह रही है। उन्होंने राज्यव्यापी ग्राम विकास पखवाड़े के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बताया कि सरकार की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं और ग्रामीणों की ताकत ही देश की प्रगति की नींव है। जनअभियान परिषद सरकारी योजनाओं को समाज के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करती है, जिसके सहयोग से गांवों का विकास और भी बलवती होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को भोपाल में आयोजित ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान’ के तहत कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती से इस अभियान को नई ऊर्जा मिलेगी और हम सबको अपनी ग्रामीण संस्कृति को बनाए रखना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें ताकि सरकार की योजनाएं और कार्यक्रम समाज के सभी वर्गों तक पहुंचें।
क्षेत्र स्तर पर उत्सव, चौपाल, रैली और सामूहिक श्रमदान जैसी गतिविधियों के आयोजन का भी प्रस्ताव रखा गया, जो पर्यावरण, जल संरक्षण, जैविक कृषि और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी गांवों के विकास पर जोर दिया और कहा कि यह हमारी आत्मा है। जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन नागर ने शिक्षा को विकास की धुरी बताया और इस अभियान में सभी घटकों की भागीदारी की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम में अधिकारियों और प्रशिक्षणार्थियों की बड़ी संख्या मौजूद थी।
