
भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। भय नहीं, भ्रम नहीं, पूरा विश्वास, विरासत के साथ विकास के मूलमंत्र पर आधारित डॉ. मोहन यादव का अभ्युदय मध्य प्रदेश क्विज के 24 विजेताओं का सम्मान मंगलवार, 13 जनवरी, सायं 4 बजे मुख्यमंत्री के निवास पर आयोजित समारोह में किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं विजेता अभ्यर्थियों को सम्मानित करेंगे एवं सभी विजेताओं के साथ चाय पर चर्चा करेंगे।
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि यह एक गौरव का क्षण है जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य ने अपनी विरासत को संरक्षित करते हुए विकास की दिशा में प्रगति की है। सेवा भाव, सुशासन और दायित्वबोध के साथ, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश ने विकास के सफल दो वर्ष पूरे किए हैं। परंपरा, धार्मिक और आध्यात्मिक मूल्यों की गरिमा के साथ, प्रदेश निरंतर नई ऊँचाइयों की ओर अचूक पकड़ बना रहा है।
अभ्युदय मध्य प्रदेश क्विज़ ने इसी दृष्टि को सशक्त किया, जो युवाओं को हमारी सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और विकास यात्रा से जोड़ने में सफल रहा है। इस आयोजन ने ज्ञान, उत्तरदायित्व और सहभागिता को प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि मध्य प्रदेश के विभिन्न आयुवर्ग और सभी समुदायों के लाखों लोगों ने अभ्युदय मध्यप्रदेश क्विज में भाग लिया। इस संदर्भ में, 13 जनवरी को मुख्यमंत्री के निवास स्थित समत्व भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मुख्यमंत्री भव्य पुरस्कारों – लैपटॉप, ई-बाइक, ई-स्कूटी और 24 विक्रमादित्य वैदिक घड़ी को विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप प्रदान करेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा
