
बलरामपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मकर संक्रांति के पर्व पर 14 जनवरी को आयोजित होने वाले तातापानी महोत्सव में बलरामपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात देंगे। इस अवसर पर वह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए जिले में 654 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले कुल 210 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। यह कार्यक्रम जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री द्वारा 330 करोड़ 96 लाख 21 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए 140 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 330 करोड़ 46 लाख 72 हजार रुपये की लागत से संबंधित 70 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं के माध्यम से सड़क, पुल, पेयजल, ऊर्जा, नगरीय एवं ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
लोकार्पण में शामिल विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) के 14 कार्य प्रमुख हैं, जिनकी लागत 187 करोड़ 72 लाख 40 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त, लोक निर्माण विभाग सेतु के 3 कार्य 14 करोड़ 56 लाख 05 हजार रुपये की लागत से पूर्ण किए गए हैं। क्रेडा विभाग के एक विकास कार्य की लागत एक करोड़ 80 लाख 09 हजार रुपये है, और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत 63 विकास कार्य 119 करोड़ 87 लाख 67 हजार रुपये की लागत से पूरे हुए हैं। इससे जिले में यातायात, पेयजल आपूर्ति और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
भूमिपूजन एवं शिलान्यास के अंतर्गत जिन 70 विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी, उनमें लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) के 21 कार्य शामिल हैं, जिनकी लागत 140 करोड़ 11 लाख 99 हजार रुपये है। लोक निर्माण विभाग सेतु के 14 कार्य 67 करोड़ 77 लाख 18 हजार रुपये के प्रस्तावित हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 19 विकास कार्य 81 करोड़ 46 लाख 08 हजार रुपये की लागत से प्रारंभ किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, क्रेडा विभाग का 1 कार्य एक करोड़ 86 लाख 26 हजार रुपये, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के 3 कार्य 12 करोड़ 61 लाख 02 हजार रुपये तथा आदिवासी विकास विभाग के 2 कार्य 26 करोड़ 64 लाख 01 हजार रुपये की लागत से प्रारंभ किए जाएंगे।
तातापानी महोत्सव के मंच से मिलने वाली यह विकास सौगात न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि ग्रामीण, शहरी और आदिवासी अंचलों के समग्र विकास को भी नई गति देगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह दौरा बलरामपुर जिले के लिए विकास के दृष्टि से एक मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।
