Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

जबलपुरः उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया

जबलपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। स्वामी विवेकानंद की जयंती “युवा दिवस” के अवसर पर सोमवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा की उपस्थिति में डेढ़ हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, डॉ अभिलाष पांडे, संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा के कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का प्रारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन से किया गया। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने युवाओं को इस अवसर पर बधाई देते हुए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने की अपील की और कहा कि वे केवल आध्यात्मिक संत ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के चेतना पुरुष थे। उन्होंने योग और सूर्य नमस्कार को दैनिक जीवन में शामिल करने की आवश्यकता को रेखांकित किया, इसे एक वैज्ञानिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि यह मन और शरीर को स्वस्थ रखता है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का संदेश आकाशवाणी के माध्यम से प्रसारित किया गया, एवं स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म सम्मेलन के भाषण का हिंदी अनुवाद भी प्रस्तुत किया गया। सामूहिक सूर्य नमस्कार की शुरुआत राष्ट्रगीत वन्देमातरम के प्रक्षिप्त होने के साथ हुई। इस कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही, जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी सभी शिक्षण संस्थाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *