नई दिल्ली, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट एक फरवरी को सुबह 11 बजे लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया जाएगा। इस वर्ष आमतौर पर केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किया जाता है, लेकिन रविवार को पड़ने के कारण इस पर अनिश्चितता थी, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को स्पष्ट कर दिया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बजट सत्र 2026 के लिए संसद के दोनों सदनों को बुलाने की मंजूरी दी है। यह सत्र 28 जनवरी को आरंभ होगा और 2 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होगा। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 को भी 29 जनवरी को लोकसभा में पेश किया जाएगा। केंद्रीय बजट को 1 फरवरी को पेश करने की परंपरा 2017 से चल रही है, हालांकि रविवार को बजट पेश करना असामान्य है। इससे पहले 28 फरवरी 1999 को तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने ऐसा किया था। केंद्र सरकार ने 2017 में बजट की तारीख 28 फरवरी से बदलकर 1 फरवरी की थी ताकि नए वित्त वर्ष की शुरुआत यानी 1 अप्रैल से पहले उचित रूप से फंड का उपयोग किया जा सके। निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया जाने वाला यह उनका लगातार नौवां बजट होगा, जिससे वह पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के 10 बार बजट पेश करने के रिकॉर्ड के काफी करीब पहुंच जाएंगी। ज्ञात हो कि निर्मला सीतारमण ने एक ही वित्त मंत्री के रूप में सबसे अधिक बजट पेश करने का रिकॉर्ड पहले ही बना लिया है।
