Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

कोरबा : रानी झरिया में वन विभाग का व्यापक स्वच्छता अभियान, प्राकृतिक सौंदर्य संरक्षण का दिया संदेश

कोरबा, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। कोरबा जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थल इस समय पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सतरेगा, बुका, नकिया, झोराघाट, गहनियां, खेतार, केंदई, कॉफी प्वाइंट, टाइगर प्वाइंट और देवपहरी जैसे रमणीय स्थलों पर प्रतिदिन हजारों सैलानी अपनी ओर आकर्षित हो रहे हैं। इन्हीं स्थलों में से एक सुंदर रानी झरिया है, जहां वन विभाग ने एक विशाल स्वच्छता अभियान का संचालन किया।

वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के नेतृत्व में और एसडीओ आशीष खेलवार के मार्गदर्शन में बालकों वन परिक्षेत्र अधिकारी जयंत सरकार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान वन विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ नोवा नेचर वेल्फेयर सोसाइटी एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान के तहत रानी झरिया क्षेत्र में व्यापक सफाई का कार्य किया गया, जिसमें प्लास्टिक कचरा, अनुपयोगी सामग्री और अन्य गंदगी को हटाकर पर्यटन स्थल को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाया गया। सफाई के बाद, ग्रामीणों और समिति सदस्यों के साथ बैठक आयोजित कर रानी झरिया की स्वच्छता बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों के लिए अल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें अजगरबहार एवं मखुरपानी क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन के बाद ग्रामीणों में प्रसन्नता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी।

वन विभाग ने इस अवसर पर पर्यटकों से अपील की कि “प्रकृति की सुंदरता को बनाए रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। गंदगी फैलाकर प्राकृतिक धरोहर को नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि इसे संजोकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखें।”

यह स्वच्छता अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है, बल्कि समाज में स्वच्छता, सहभागिता और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता को भी मजबूती प्रदान करता है।

कार्यक्रम में एसडीओ आशीष खेलवार, बालकों रेंजर जयंत सरकार, मुख्य लिपिक कृष्ण कुमार, जितेंद्र सारथी, वन प्रबंधन अध्यक्ष सतपल सिंह कंवर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, नोवा नेचर रेस्क्यू टीम के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *