Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

राष्ट्रीय युवा दिवस 2026: जांजगीर-चांपा में विजय श्री प्रोडक्शन के घरेलू उत्पाद लॉन्च, आदिवासी गोड़ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

कोरबा, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जांजगीर-चांपा जिले में सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल का आयोजन किया गया। विजय श्री प्रोडक्शन की ओर से घरेलू उपयोग के उत्पादों की बिक्री का विधिवत शुभारंभ आज सोमवार को हुआ। यह पहल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आदिवासी गोड़ समाज के लोगों, विशेषकर युवाओं को समाज में सशक्त बनाने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

इस अवसर पर आदिवासी गोड़ समाज के प्रशिक्षित युवाओं द्वारा विकसित कुल आठ प्रकार के घरेलू उत्पादों का अनावरण किया गया, जिनमें डिटर्जेंट लिक्विड, कार शैम्पू, डिश वॉश, बाथरूम क्लीनर, हैंड वॉश, ग्लास क्लीनर, फ्लोर क्लीनर और टॉयलेट क्लीनर शामिल हैं। इन उत्पादों का निर्माण स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं द्वारा किया गया है, जिससे उन्हें स्वरोजगार का एक स्थायी माध्यम मिलने की संभावना है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का प्रमुख उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहल से आदिवासी युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और वे आत्मविश्वास के साथ अपनी जिंदगी में आगे बढ़ सकेंगे।

कार्यक्रम में आदिवासी गोड़ समाज के प्रतिनिधि, समाज के सम्मानित नागरिक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह पहल रोजगार सृजन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भर भारत और युवा सशक्तिकरण की भावना को भी बढ़ावा देती है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *