Monday, March 9खबर जो असर करे |
Shadow

कोरबा : धान नहीं बिकने से परेशान किसान ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश

कोरबा, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। कोरबा जिले में धान खरीद व्यवस्था में अव्यवस्था के कारण एक किसान ने आत्महत्या का प्रयास किया है। किसान ने जहर का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे जिला अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया है। पीड़ित किसान की पहचान ग्राम पुटा, हरदीबाजार के सुमेर सिंह के रूप में हुई है। पिछले एक महीने से वह धान बेचने के लिए संघर्ष कर रहा था, लेकिन न तो उसे खरीदी केंद्र पर धान बेचना नसीब हुआ और न ही टोकन मिला। किसानों की मानें तो फड़ प्रभारी उनकी समस्याओं को अनसुना कर रहे थे, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गए। आर्थिक परेशानियों और प्रशासनिक लापरवाही के चलते किसान ने यह निराशाजनक कदम उठाया। परिवार के अनुसार, उन्होंने अपनी समस्या को लेकर जनदर्शन कार्यक्रम में भी आवेदन दिया था, लेकिन वहां से कोई समाधान नहीं मिला। इस घटना की जानकारी मिलने पर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत अस्पताल पहुंचीं और किसान के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी इस मामले में बात की और धान खरीद व्यवस्था की लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। इस घटना ने एक बार फिर जिले में धान खरीद प्रणाली, टोकन वितरण और फड़ प्रभारियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। किसान चेतावनी दे रहे हैं कि यदि समय पर सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *