भागलपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। बिहार के भागलपुर जिले के बाखरपुर थाना क्षेत्र के धनपाल टोला स्थित महेश सिंह के आम बगान में सोमवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान धनपाल टोला निवासी रामदयाल यादव के पुत्र काबिल यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई है। शव मिलने की जानकारी आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और इलाके में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने काबिल यादव का शव पेड़ से लटका देखा, तो वे घबरा गए और उन्होंने खुद शव को नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया। इस मामले में मृतक के चचेरे भाई बबलू कुमार ने काबिल यादव की हत्या का आरोप लगाया है, जबकि छोटे भाई अंग्रेज यादव ने बताया कि काबिल यादव पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। बाखरपुर थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि युवक का संदेहास्पद अवस्था में शव मिला है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा।
