Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में भाजयुमो द्वारा स्वदेशी संकल्प दौड़ आयोजित

रायपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आज सुबह स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती के उपलक्ष्य में स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वास्थ्यगत कारणों से दौड़ में शामिल नहीं हो सके। यह दौड़ प्रदेश के विभिन्न संभाग मुख्यालयों और शहरों में संचालित की गई।
स्वदेशी संकल्प दौड़ रायपुर में सुभाष स्टेडियम से विवेकानंद सरोवर बूढ़ा तालाब तक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा के मंत्री, नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन में स्कूली बच्चे और सामान्य जनता भी शामिल हुई, जो स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती के उपलक्ष्य में एकत्रित हुए। इस कार्यक्रम में मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, और भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा सहित बड़ी संख्या में सदस्य और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वामी विवेकानंद जयंती (12 जनवरी) एवं ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति के अमर प्रेरणास्रोत हैं और उनके विचारों ने न केवल भारत, बल्कि संपूर्ण विश्व को आत्मविश्वास और आध्यात्मिक जागरण की दिशा दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं को यह सिखाता है कि आत्मबल और सेवा-भाव से राष्ट्र का निर्माण होता है। छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व की बात है कि स्वामी विवेकानंद जी का एक महत्वपूर्ण समय राजधानी रायपुर में व्यतीत हुआ। उनके साथ जुड़ी स्मृतियाँ रायपुर की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध कर रही हैं और प्रदेशवासियों को निरंतर प्रेरित कर रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *