मप्र में मकर संक्रांति पर शिप्रा-नर्मदा तटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, इंदौर में चाइनीज मांझे से 3 लोग घायल
इंदौर, 14 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में गुरुवार को मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। यहां मां नर्मदा और शिप्रा के तटों पर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही है। लोग इन पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। साथ ही मकर संक्रांति पर लोग पतंगबाजी का भी जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ इंदौर में तीन अलग-अलग जगह चाइनीज मांझे से तीन लोगों की गर्दन कट गई। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहला मामला भंवरकुआं थाना क्षेत्र के तीन इमली इलाके का है। यहां बुधवार को तीन इमली ब्रिज पर बाइक से जा रहे युवक हेमराज चौरसिया चाइनीज मांझे चपेट में आ गया और उसका गला कट गया। वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हेमराज चांदमारी ईंट का भट्ठा में रहता है...
