आईआईटी खड़गपुर में अंतरराष्ट्रीय लोक संगीत महोत्सव ‘सुर-जहान 2026’ का आरंभ
खड़गपुर, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के प्लेटिनम जयंती समारोह के अंतर्गत आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय लोक संगीत महोत्सव ‘सुर-जहान 2026’ आज से शुरू हो रहा है। यह तीन दिवसीय महोत्सव 30 जनवरी से एक फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें देश और विदेश के लोक कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
आईआईटी खड़गपुर प्रशासन के अनुसार, महोत्सव का आयोजन संस्थान परिसर स्थित कालिदास सभागार और रामानुजन एरीना में किया जाएगा। प्रतिदिन सायंकाल अंतरराष्ट्रीय और भारतीय लोक कलाकारों की भव्य संगीत व नृत्य प्रस्तुतियां होंगी, जबकि दिन के समय लोक संगीत, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और विभिन्न सांस्कृतिक शैलियों पर आधारित कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यशालाओं का उद्देश्य लोक संगीत की परंपराओं को समझना और नई पीढ़ी से जोड़ना है।
‘सुर-जह...
