Tuesday, March 10खबर जो असर करे |
Shadow

फाइल पास कराने के लिए मांगी थी 40 हजार की रिश्वत, 5 हजार लेते ही वीडीओ रंगेहाथ गिरफ्तार

बरेली, 9 अक्टूबर । शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली की टीम ने गुरुवार को ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वीडीओ ने फाइल पास कराने के लिए 40 हजार रुपये की मांग की थी।

जानकारी के अनुसार, गौरव कुमार सिंह, निवासी काजी टाेला वार्ड नंबर-1 थाना इस्लामनगर, जिला बदायूं, जो वर्तमान में ग्राम विकास अधिकारी, विकास खंड आसफपुर, तहसील विसौली के पद पर तैनात था, उसने शिकायतकर्ता सुरेश कुमार (भूतपूर्व सैनिक) से ग्राम पिपरिया में उचित दर विक्रेता की दुकान हेतु पत्रावली स्वीकृति के बदले में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत मिलने पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की टीम ने निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में जाल बिछाया। गुरुवार दोपहर करीब 12:45 बजे टीम ने गौरव कुमार सिंह को 5 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए उसके दफ्तर में ही रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके से रकम बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आरोपी के खिलाफ थाना विसौली जिला बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *