Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

दिल्ली टेस्ट : तीसरे दिन वेस्टइंडीज ने फॉलोऑन में बनाए 173/2, भारत से अब भी 97 रन पीछे

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी (फॉलोऑन) में 2 विकेट पर 173 रन बना लिए हैं और अब भी भारत से 97 रन पीछे है। जॉन कैंपबेल 87 और शाई होप 66 रन बनाकर नाबाद लौटे।

भारतीय टीम ने पहली पारी 5 विकेट पर 518 रन बनाकर घोषित की थी। जवाब में वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 रन पर सिमट गई, जिसके चलते भारत ने 270 रन की बड़ी बढ़त हासिल की और फॉलोऑन लागू किया।

दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की शुरुआत फिर खराब रही। टीम ने 17 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया जब मोहम्मद सिराज ने तेजनारायण चंद्रपॉल को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। इसके बाद 35 के स्कोर पर एलिक एथनाजे भी आउट हो गए। दो शुरुआती झटकों के बाद कैंपबेल और होप ने टीम को संभाला और 138 रनों की नाबाद साझेदारी करते हुए तीसरे दिन का खेल समाप्त किया।

इससे पहले वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 रन पर समाप्त हुई। टीम के लिए एथनाजे ने 41, शाई होप ने 36, चंद्रपॉल ने 34, खेरी पियरे ने 23 और एंडरसन फिलिप ने नाबाद 24 रन बनाए। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि रविंद्र जडेजा ने 3 और जसप्रीत बुमराह व मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट लिया।

भारतीय टीम की पहली पारी में कप्तान शुभमन गिल ने 129 रन की नाबाद पारी खेली। यशस्वी जायसवाल ने 175 रन की शानदार पारी खेली, जबकि साई सुदर्शन ने 87, ध्रुव जुरेल ने 44 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 43 रन का योगदान दिया। वेस्टइंडीज की ओर से जोमेल वारिकन ने 3 विकेट लिए।

दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत फिलहाल 1-0 से आगे है और दिल्ली टेस्ट में जीत दर्ज कर श्रृंखला अपने नाम करने के करीब है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *