Thursday, November 5खबर जो असर करे |
Shadow

छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय फिल्म हब बनाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम

रायपुर, 05 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ ने फिल्म निर्माण (फिल्म शूटिंग) को प्रोत्साहित करने और पर्यटन के बहु‑आयामी विकास को तेज करने हेतु एक प्रमुख कदम उठाया है। आज बुधवार को मुख्य सचिव विकासशील के नेतृत्व में मंत्रालय महानदी भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख और लोकप्रिय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है।

बैठक में मुख्य सचिव विकासशील ने कहा, “हमारे राज्य में सिनेमैटिक और प्राकृतिक दृश्यों की अपार संभावनाएँ हैं। अनछुए प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थल को देश‑विदेश के फिल्म निर्माताओं के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने की आवश्यकता है।” उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्रदेश भर में फिल्म शूटिंग के अनुकूल नए स्थल की पहचान कर उन्हें शीघ्रता से विकसित किया जाए।

बैठक में वर्तमान फिल्म नीति को और अधिक व्यावहारिक व प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई तथा बहुप्रतीक्षित चित्रोत्पला फिल्म सिटी के प्रस्ताव को मूर्त रूप देने के उपायों पर गहन मंथन हुआ। सरकार का लक्ष्य फिल्म मेकर्स के लिए शूटिंग प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और आकर्षक बनाना है, जिससे अधिक प्रोडक्शन हाउस छत्तीसगढ़ की ओर रुख करें।

स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल उद्योग और अन्य क्षेत्रों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना पर भी बल दिया गया। इसके अतिरिक्त, बैठक में निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण तथा खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) के क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं एवं प्रशिक्षण के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण बिंदु उठाए गए।

उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *