Wednesday, November 4खबर जो असर करे |
Shadow

बैंगलुरु में गैस सिलेंडर डिलीवरी के दौरान बड़ा हादसा…. घर के बाहर रखते ही हुआ ब्लास्ट..

बेंगलुरु। बेंगलुरु (Bengaluru) के मल्लेश्वरम इलाके (Malleswaram area) में गैस सिलेंडर डिलीवरी (Gas Cylinder delivery) के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. यहां घर के बाहर सिलेंडर उतारने के कुछ ही पल बाद उसमें अचानक आग लग गई और विस्फोट हो गया. इस घटना में डिलीवरी करने वाला व्यक्ति बाल-बाल बच गया. हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सिलेंडर रखते ही आग भड़कती दिखाई दे रही है।


जानकारी के मुताबिक एक गैस सिलेंडर डिलीवरी करने वाला व्यक्ति मल्लेश्वरम स्थित एक घर में सिलेंडर पहुंचाने आया था. वह सिलेंडर को घर के प्रवेश द्वार के पास रख रहा था, तभी अचानक उसमें आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और सिलेंडर में विस्फोट हो गया. गनीमत रही कि डिलीवरी करने वाला व्यक्ति समय रहते वहां से दूर हो गया, जिससे उसकी जान बच गई।


घर के बाहर जल रहा था दीया
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे की वजह घर के प्रवेश द्वार पर जल रहा एक दीया हो सकता है. बताया जा रहा है कि घर में रहने वाली महिला ने कुछ देर पहले दरवाजे के पास की जगह धोई थी. इसके बाद वहां एक दीया जलाया गया था।


इसी दौरान गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाला व्यक्ति वहां पहुंचा. उसे सिलेंडर से गैस लीक होने की जानकारी नहीं थी. उसने सिलेंडर को दरवाजे के पास रख दिया. आशंका है कि सिलेंडर से लीक हो रही गैस दीये की लौ के संपर्क में आ गई, जिससे अचानक आग भड़क उठी और विस्फोट हो गया।


सीसीटीवी में कैद हुई घटना
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. फुटेज में सिलेंडर डिलीवरी के दौरान अचानक आग लगने और डिलीवरी करने वाले व्यक्ति के बाल-बाल बचने की घटना दिखाई दे रही है। यह हादसा गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को भी उजागर करता है. गैस रिसाव की आशंका होने पर किसी भी तरह की खुली आग से दूर रहना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *