Tuesday, November 3खबर जो असर करे |
Shadow

NCP प्रमुख शरद पवार की तबीयत बिगड़ी…. सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती

मुम्बई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) (Nationalist Congress Party – Sharadchandra Pawar) के प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) को सीने में दर्द की शिकायत के बाद सोमवार को पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पवार की बेटी और बारामती से लोकसभा सदस्य और NCP (SCP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले (Supriya Sule) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि खांसी आने के बाद 85 वर्षीय नेता को रूबी हॉल क्लीनिक लाया गया।


सुले ने लिखा कि शरद पवार की चिकित्सकीय जांच की जा रही है और उनके स्वास्थ्य से जुड़े सभी मानक स्थिर हैं। रूबी हॉल क्लीनिक के हृदय रोग विशेषज्ञ, चेयर और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. परवेज के ग्रांट ने कहा कि पवार की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है और एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा। प्लूरिटिक पेन (श्वसन संबंधी सीने का दर्द) ऐसा दर्द है, जो आमतौर पर सांस लेने, खांसने या छींकने के दौरान बढ़ जाता है।


एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता अंकुश काकडे ने बताया कि पार्टी प्रमुख शरद पवार नियमित जांच के लिए शहर के एक अस्पताल गए हैं। उन्होंने कहा, “वे दो दिवसीय सूखा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर थे और शारीरिक थकावट के कारण उनकी स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है। जांच के बाद उनके स्वास्थ्य और संभावित विश्राम के बारे में और जानकारी स्पष्ट हो जाएगी।”


PM मोदी के बारामती दौरे के बारे में शरद पवार ने बताया
NCP (SP) प्रमुख शरद पवार ने पिछले महीने पुष्टि की थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 नवंबर को बारामती जाएंगे। यहां वह विद्या प्रतिष्ठान में गौतम बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह शिक्षण संस्थान शरद पवार की अध्यक्षता में चलता है और बारामती पवार परिवार का गढ़ माना जाता है।


बारामती में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शरद पवार ने कहा था कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। 3 नवंबर को PM मोदी विद्या प्रतिष्ठान पहुंचेंगे और वहां स्थापित की जाने वाली गौतम बुद्ध की 4 टन वजनी प्रतिमा का अनावरण करेंगे।


NCP के दोनों गुटों को फिर साथ लाने की कोशिश में BJP
NCP (शरद पवार) के दिल्ली में INDIA ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के एक दिन बाद BJP ने NDA का कुनबा बढ़ाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक, BJP राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों को फिर से एकजुट कर NDA में शामिल कराने की कोशिश कर रही है।


हालांकि, अजित पवार गुट में मतभेद बने हुए हैं। खबर है कि इस गुट के कुछ नेताओं ने सोमवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इन नेताओं ने सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार के बिना दोनों गुटों के विलय की संभावना तलाशने की बात रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *