नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हरियाणा के एक युवक से धूमधाम से शादी कराने के बाद दुल्हन कुछ ही घंटों में नकदी और आभूषण लेकर फरार हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो महिला बिचौलियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार दुल्हन की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान पूरे गिरोह का खुलासा होने की संभावना है।
शादी का झांसा देकर वसूले 1.10 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के सिसाना गांव निवासी रविंद्र कुमार सिंह को देवरिया में शादी कराने का भरोसा दिलाया गया था। इसके लिए बिचौलियों ने उससे 1.10 लाख रुपये लिए। 24 जुलाई की रात भलुअनी कस्बे के एक मैरिज हॉल में गोल्डी यादव नाम की युवती के साथ उसकी शादी कराई गई। सभी वैवाहिक रस्में पूरी हुईं और सात फेरे भी लिए गए।
सुहागरात से पहले ही लेकर भागी नकदी और जेवर
शादी के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन अचानक गायब हो गई। आरोप है कि वह अपने साथ 1.10 लाख रुपये नकद और शादी के दौरान मिले आभूषण भी ले गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित दूल्हे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दो महिला बिचौलियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान शादी कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाली मीना देवी और गीता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से बिचौलिये के तौर पर लिए गए 40 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
फरार दुल्हन की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, फरार दुल्हन गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं यह शादी के नाम पर ठगी करने वाले किसी संगठित गिरोह का हिस्सा तो नहीं है।
पुलिस का क्या कहना है?
बरहज क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि शादी के बाद दुल्हन के नकदी और आभूषण लेकर फरार होने की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और फरार दुल्हन की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
