नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party) का आंदोलन (Nationwide Protest) NEET पेपर लीक और शिक्षा सुधार को लेकर जारी है. सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) ने 26 दिन बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी, क्योंकि सरकार ने सुधार, मुआवजे और संसद में चर्चा का भरोसा दिया. PM मोदी ने सख्त कार्रवाई की बात कही, जबकि विपक्ष के नेता प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे. अब CJP ने देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग जारी है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने आज देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया है. इसी बीच सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है. सरकार ने उनसे कई मुद्दों पर आश्वासन दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और विपक्ष के नेता भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे हैं।
CJP लंबे समय से NEET पेपर लीक मामले और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर आंदोलन कर रही है. संगठन दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहा है. 20 जुलाई को जब प्रदर्शनकारी संसद की तरफ मार्च कर रहे थे, तब पुलिस से उनकी झड़प हो गई. इस झड़प में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए, वहीं 118 पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं।
रात के समय PM नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी कर पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया. वहीं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और छात्रों का समर्थन किया. कांग्रेस पर छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक फायदा उठाने के आरोप भी लगे, जिसे सोनम वांगचुक की पत्नी ने गलत बताया।
अब CJP ने 24 जुलाई को देश भर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है. दिल्ली, मुंबई, पटना जैसे शहरों में छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. आंदोलन की मुख्य मांग अब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा बन गई है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर के जवाहर सर्किल पर सबुह-सुबह कॉकरोच पार्टी के प्रदर्शनकारी पहुंचने शुरू हो गए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में NEET और परीक्षा व्यवस्था पर बयान देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाए, छात्रों से माफी मांगी जाए और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के संविधान क्लब में बैठक होगी. वार्ता से पहले CJP ने साफ किया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उसकी गैर-समझौतावादी मांग है।
जंतर-मंतर पर शुक्रवार की सुबह शांति दिख रही है. सैकड़ों की संख्या में छात्र धरना स्थल पर बैठे नजर आ रहे हैं. खास बात ये है कि दोपहर करीब 12:30 बजे कॉकरोच पार्टी के नुमाइंदे सरकार से बात करने वाली है. ये मुलाकात कांस्टीट्यूशन क्लब में होने वाली है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 26 दिन बाद सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने का स्वागत किया. उन्होंने वांगचुक के साहस की सराहना करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर पार्टी का शांतिपूर्ण प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा।
सोनम वांगचुक ने 26 दिन से जारी अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि यह फैसला सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद लिया गया. उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर बताया है कि सरकार से किन-किन मुद्दों पर बात बनी है.
CJP का दावा- सरकार बातचीत को तैयार, संविधान क्लब में होगी बैठक
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सरकार के साथ शुक्रवार को बातचीत होगी. उन्होंने बताया कि पार्टी की मांग पर बैठक के रूप में संविधान क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है।
लगातार तीसरे दिन बंद रहेंगे दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन
जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन शुक्रवार को भी बंद रहेंगे. DMRC ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सुबह 7:30 बजे से अगली सूचना तक स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है. बंद रहने वाले स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।
PM मोदी के वीडियो संदेश पर राहुल गांधी का हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री से धर्मेंद्र प्रधान को हटाने, छात्रों पर कार्रवाई करने वालों को सजा देने और छात्रों से माफी मांगने की मांग की।
