उमरिया। जिले में प्रस्तावित कोयला खनन परियोजनाओं के विरोध में भारतीय किसान संघ ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने हाथों में कोयले की पोटलियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया और प्रशासन को 24 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि प्रस्तावित कोयला परियोजनाओं से कृषि भूमि, पर्यावरण और स्थानीय लोगों की आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि किसानों और ग्रामीणों की सहमति के बिना किसी भी परियोजना को आगे न बढ़ाया जाए तथा उनकी अन्य मांगों पर भी जल्द निर्णय लिया जाए।
भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 30 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जिले में व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। इसके तहत ‘घेरा डालो-डेरा डालो’ अभियान चलाया जाएगा और आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा।
किसानों का कहना है कि वे अपनी जमीन, खेती और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे। वहीं प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया है।
अब किसानों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। यदि तय समय सीमा में समाधान नहीं निकला तो जिले में आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
