Tuesday, September 1खबर जो असर करे |
Shadow

“प्रशांत किशोर बोले – मेरी उम्मीदवारी की चर्चा से ही तेजस्वी यादव राघोपुर छोड़कर भागेंगे”

पटना, 11 अक्टूबर।
बिहार की राजनीति में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने शनिवार को एक बड़ा बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही उनकी राघोपुर से संभावित उम्मीदवारी की चर्चा शुरू हुई, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दूसरी सीट तलाशने में जुट गए हैं।

पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा, “राघोपुर से चुनाव लड़ने का निर्णय पार्टी और वहां की जनता करेगी। लेकिन इतना तय है कि मेरे चुनाव लड़ने की चर्चा मात्र से तेजस्वी यादव को दूसरी सीट देखनी पड़ रही है। उनका हाल वही होगा जो राहुल गांधी का अमेठी में हुआ—वायनाड तो गए, लेकिन अमेठी हार गए।”

प्रशांत किशोर ने कहा कि वे रविवार को होने वाली जन सुराज केंद्रीय समिति की बैठक से पहले राघोपुर पहुंच रहे हैं। वहां वे उन कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात करेंगे जिन्होंने राजद के वर्षों पुराने गढ़ में जन सुराज की बात घर-घर तक पहुंचाई है। “हम पूरी कोशिश करेंगे कि जनता की भावना के अनुसार सबसे योग्य उम्मीदवार का चयन किया जाए,” उन्होंने जोड़ा।

उन्होंने यह भी कहा कि राघोपुर में उनका पूरा दिन बीतेगा और वे स्थानीय स्थिति को नजदीक से समझने का प्रयास करेंगे।
“मैं यह देखने जा रहा हूं कि राघोपुर की जनता किसे अपना प्रतिनिधि देखना चाहती है—यह निर्णय जनता का होगा, न कि किसी राजनीतिक परिवार का,” प्रशांत किशोर ने कहा।

गौरतलब है कि राघोपुर विधानसभा सीट लंबे समय से लालू प्रसाद यादव परिवार का राजनीतिक गढ़ रही है। लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने यहां से चुनाव जीते हैं। तेजस्वी यादव लगातार दो बार से राघोपुर के विधायक हैं और 2020 में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सतीश कुमार को पराजित किया था।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि प्रशांत किशोर वास्तव में राघोपुर से चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो यह सीट बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सबसे चर्चित सीटों में से एक बन जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *