Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

रोडवेज बस चालक-परिचालक पर हमला, लूट की घटना सामने आई

आज़मगढ़, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र में बीती रात प्रयागराज से गोरखपुर जा रही परिवहन निगम की बस को रोककर कुछ अज्ञात लोगों ने चालक और परिचालक के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने बस का शीशा तोड़ दिया और परिचालक से नकदी समेत जरूरी दस्तावेज भी छीन लिए। पीड़ित परिचालक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हरदोई जनपद के बेहटा गोकुल निवासी दीपक दीक्षित पुत्र अशोक कुमार दीक्षित रोडवेज बस संख्या UP78KN0335 पर परिचालक के पद पर तैनात हैं। देर रात वे बस लेकर प्रयागराज से गोरखपुर वाया आज़मगढ़ होकर जा रहे थे। जैसे ही बस आज़मगढ़ जिले के बरदह क्षेत्र के भीरा के पास पहुंची, कुछ लोगों ने बस रुकवाकर चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बस का शीशा तोड़ दिया।

इसके बाद आरोपिताें ने चालक को नीचे उतारकर मारपीट की। परिचालक दीपक दीक्षित जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और उनके बैग से करीब 10 हजार रुपये नकद तथा मार्ग पत्र छीन लिया। आरोप है कि हमलावरों ने रॉड से जानलेवा हमला भी किया, जिससे बचने के लिए परिचालक मौके से कुछ दूरी पर जाकर छिप गया।

घटना के बाद पीड़ित ने बरदह थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बरदह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन निगम के परिचालक की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *