Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

स्टील अथॉरिटी और राइट्स के बीच डीजल लोकोमोटिव लीजिंग का समझौता

नई दिल्ली, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। सार्वजनिक क्षेत्र की स्टील उत्पादक कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने अपने संयंत्रों और खानों में लॉजिस्टिक्स और प्रचालन दक्षता को मजबूत करने के लिए नवरत्न उपक्रम राइट्स लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौता ज्ञापन पर सेल की ओर से कार्यपालक निदेशक (प्रचालन) पीके बैसाखिया और राइट्स की ओर से कार्यपालक निदेशक (तकनीकी सेवाएं) संदीप जैन ने सेल और राइट्स के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। इस सहयोग का मकसद सेल के प्लांट्स और माइंस में उसके डीजल लोकोमोटिव फ्लीट के ऑपरेशन और मेंटेनेंस को बेहतर बनाना है। इस्पात मंत्रालय ने बताया कि भारतीय रेलवे इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव की ओर अपनी गति को तेज कर रहा है। इसी तरह राइट्स लिमिटेड डीजल लोकोमोटिव संचालन और रखरखाव में मूल्यवान विशेषज्ञता प्रदान करना जारी रखे हुए है, जो सेल के डीजल बेड़े को बनाए रखने के लिए अनिवार्य है। भारतीय रेलवे की सुविधाओं, स्पेयर पार्ट्स और कुशल जनशक्ति के पूल की पहुंच के साथ राइट्स सेल की परिचालन आवश्यकताओं को लागू करने और इसके नेटवर्क में विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सक्षम है। यह सहयोग दोनों संगठनों को अपनी मुख्य दक्षताओं पर ध्यान केंद्रित करने, लागत को अनुकूलित करने, प्रचालन दक्षता बढ़ाने और कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में योगदान देने में सक्षम बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *