
रांची, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरुण सिंह ने कहा कि सदन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 9वीं बार लगातार प्रस्तुत बजट सराहनीय, ऐतिहासिक और भारत के भविष्य को सशक्त बनाने वाला है।
उन्होंने कहा कि यह बजट भारत के हर नागरिक के सपनों और आकांक्षाओं को साकार करने की दिशा में मजबूत नींव रखने वाला है। यह बातें श्री सिंह ने सोमवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों को उड़ान देगा, किसानों के विश्वास को मजबूती देगा, महिलाओं को आत्मनिर्भरता प्रदान करेगा और मध्यम तथा गरीब वर्ग को मजबूत करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि आज का भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म में विश्वास करता है। इस बजट में मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत दी गई है। जिला स्तर पर बायोफार्मा केंद्र के माध्यम से गुणवत्ता पूर्ण इलाज की सुविधा मिलेगी, टीडीएस के आवेदन समाप्त किए गए हैं और 17 जीवन रक्षक दवाइयों पर सीमा शुल्क कम या शून्य किया गया है। बच्चों को बाहर पढ़ने की लागत भी घटाई गई है।
उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं को प्रोत्साहित करने वाला है। एमएसएमई क्षेत्र में 10 हजार करोड़ का आवंटन युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करेगा। पर्यटन के क्षेत्र में युवा गाइड की प्रशिक्षण और शिक्षा क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उच्चाधिकार समिति गठित करने का प्रस्ताव है।
उन्होंने बताया कि देश के हर जिले में महिला छात्रावास की स्थापना का कार्य प्रारंभ होगा, तथा लखपति दीदी के तर्ज पर क्रेडिट लिंक्ड आजीविका के माध्यम से उद्यम स्वामित्व को बढ़ावा दिया जाएगा। कृषि के साथ-साथ अर्थव्यवस्था की रीढ़ को मजबूत करने के कार्य प्रारंभ होंगे। भारत विस्तार एआई टूल का प्रयोग कर कृषि को तकनीक से जोड़ा जाएगा।
राष्ट्रीय फाइबर योजना से रेशम उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर, जलाशयों में मछलीपालन और पशु चिकित्सक की संख्या बढ़ाने के लिए पूंजी सब्सिडी योजना शुरू की जाएगी।
इसके अलावा, सेमी कंडक्टर और रासायनिक पार्क के लिए प्रावधान किया गया है, वहीं खादी हैंडलूम को बढ़ावा देने के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना भी शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने रक्षा क्षेत्र को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। आज मिसाइल और अन्य अस्त्र—शस्त्र स्वदेशी स्तर पर तैयार हो रहे हैं, साथ ही रक्षा क्षेत्र में भारत एक बड़ा निर्यातक देश बन गया है। पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने स्वास्थ्य बजट में तिगुना और रक्षा क्षेत्र में तिगुना, सड़क निर्माण में छह गुना आवंटन बढ़ाया है।
झारखंड के संदर्भ में, इस बजट में टैक्स के माध्यम से 51,236 करोड़ रुपये झारखंड को मिलेंगे, जबकि ग्रांट्स इन ऐड के रूप में 17,057 करोड़ रुपये मिलेंगे। विशेष सहायता अनुदान के लिए 11567 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड के लिए पिछले 11 वर्षों में 16 गुना राशि बढ़ाई गई है।
अरुण सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों से झारखंड में 18.8 लाख किसान पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ ले रहे हैं। 1.35 करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड हैं, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 2.64 करोड़ लोगों को 5 किलो अनाज प्रतिमाह दिया जा रहा है। जल जीवन मिशन से 34.4 लाख घरों तक नल जल योजना पहुंची है। अटल पेंशन योजना में 25.6 लाख लाभार्थी हैं और पीएम सुरक्षा बीमा योजना में 1.6 करोड़ लोगों का पंजीकरण है।
उन्होंने अंत में कहा कि केंद्र सरकार विकसित भारत के साथ विकसित झारखंड का भी संकल्प पूरा करने का प्रयास कर रही है, जबकि राज्य की ठगबंधन सरकार केंद्रीय राशि को घोटाला और भ्रष्टाचार में बर्बाद कर रही है। आर्थिक कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार चरम पर है।
प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित रहे।
