
बांदा, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के क्रम में यातायात पुलिस बांदा ने बड़ी कार्रवाई की है। चारपहिया वाहनों से खतरनाक और अनियंत्रित स्टंट करने वाले युवकों के वाहनों को सीज कर भारी चालान किया गया है।
आज 2 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के माध्यम से यातायात पुलिस के मीडिया सेल के संज्ञान में आया कि कुछ नाबालिग युवक चारपहिया वाहनों से सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। वीडियो को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस बांदा ने तत्काल कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान वाहन संख्या UP90 AJ 0672, जिसके मालिक पवन पुत्र ब्रजमोहन, निवासी ग्राम महोखर, थाना कोतवाली नगर हैं, के वाहन को सीज करते हुए 12,500 रुपये का चालान किया गया। वहीं वाहन संख्या UP90 AH 8190, जिसके मालिक रामू पुत्र रामसनेही, निवासी ग्राम कालूकुआं, थाना कोतवाली नगर हैं, के वाहन को भी सीज करते हुए 9,500 रुपये का चालान किया गया।
इसके साथ ही दोनों वाहन मालिकों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस द्वारा इस प्रकार के अन्य वाहनों की भी तलाश की जा रही है और आगे भी सीज की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें। ऐसे कृत्य न केवल स्वयं के लिए बल्कि आम जनता के लिए भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
