
नई दिल्ली, 02 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि वेटलैंड (आर्द्रभूमि) केवल प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र नहीं हैं, बल्कि ये समुदायों, संस्कृति और आजीविका का भी आधार हैं। उन्होंने कहा, “जल ही जीवन है और वेटलैंड पृथ्वी की जीवनरेखा हैं।” विश्व आर्द्रभूमि दिवस 2026 के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दिए गए अपने संदेश में मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पर्यावरण-संवेदनशील नेतृत्व में भारत ने वेटलैंड संरक्षण को समुदाय और संस्कृति से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत के पास केवल 26 रामसर स्थल थे, जो अब बढ़कर 98 हो गए हैं, जो देश की एक बड़ी उपलब्धि है।
इसके साथ-साथ सोमवार को असोला भाट्टी में विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष का विषय था— “वेटलैंड और पारंपरिक ज्ञान: सांस्कृतिक विरासत का उत्सव।” कार्यक्रम में वेटलैंड संरक्षण में स्थानीय समुदायों और पारंपरिक ज्ञान की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर पर्यावरण राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि वेटलैंड केवल जल संसाधन नहीं हैं, बल्कि ये लोगों के सामाजिक जीवन, त्योहारों और धार्मिक परंपराओं से गहराई से जुड़े हुए हैं।
सिंह ने उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले स्थित पार्वती अर्गा पक्षी अभयारण्य का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थल न केवल जैव विविधता का केंद्र है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व भी रखता है। कार्यक्रम के दौरान इस रामसर स्थल पर आधारित एक वीडियो टीज़र भी जारी किया गया।
इस मौके पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि तेज शहरीकरण, अतिक्रमण और मानवीय गतिविधियों के कारण वेटलैंड को भारी नुकसान हुआ है। दिल्ली सरकार ने अगले दो वर्षों में जलाशयों के पुनर्जीवन का लक्ष्य रखा है।
