Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

पचमढ़ी के होटल में गैस सिलेंडर का विस्फोट, चार घायल

नर्मदापुरम, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी के एक होटल में सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे एलपीजी सिलेंडर में अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। इस हादसे में होटल का एक कर्मचारी झुलस गया है, जबकि महाराष्ट्र के एक परिवार के चार लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, पचमढ़ी के सिनेरिटी होटल में यह घटना हुई, जहां गैस सिलेंडर के फटने से धमाका इतना तेज था कि 20 मीटर दूर स्थित पांडव रिट्रीट में भी इसका असर महसूस हुआ। इस विस्फोट से होटल का ग्राउंड फ्लोर क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों में बुलढाना निवासी प्रदीप गाड़ोदिया, उनकी पत्नी रीमा गाड़ोदिया (37), बेटे मोरेश गाड़ोदिया (5), और नमन गाड़ोदिया शामिल हैं। इसके अलावा, होटल का कुक राकेश भी झुलस गया है।

मौके पर पहुंची पचमढ़ी थाना प्रभारी पदम सिंह मौर्य ने घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाने में मदद की, जहां से उन्हें पिपरिया रेफर कर दिया गया है। नर्मदापुरम से एक फोरेंसिक टीम भी भेजी गई है, और पुलिस जांच में जुट गई है। होटल में किसी को भी प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है, जहां पुलिस को एक कमर्शियल सिलेंडर मिला है। विस्फोट के कारण का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पिपरिया एसडीएम आईएएस आकिब खान ने जानकारी दी कि प्रारंभिक तौर पर सिलेंडर के फटने की सूचना प्राप्त हुई है। जांच के लिए तहसीलदार वैभव बैरागी को मौके पर भेजा गया है। एक गंभीर घायल को नर्मदापुरम रेफर किया गया है, और विस्फोट के कारण की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।

थाना प्रभारी पदम सिंह मौर्य ने कहा कि होटल के कर्मचारी राजेश का बयान लिया गया, जिसमें उसने बताया कि सुबह किचन में चाय बनाने के दौरान माचिस जलाई थी, जिसके बाद अचानक धमाका हुआ। प्राथमिक रिपोर्ट में गैस लीकेज की संभावना व्यक्त की जा रही है, जबकि सिलेंडर सुरक्षित मिला है। होटल में कोई केमिकल नहीं पाया गया है।

उल्लेखनीय है कि पचमढ़ी में एक ओटीटी फिल्म की शूटिंग चल रही है, और विस्फोट की आवाज सुनते ही सभी फ्लोर के मेहमान अपनी-अपनी कमरों से बाहर आ गए। उन्हें इस हादसे में कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *