
रायपुर, 02 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी आज सोमवार 2 फरवरी 2026 को विश्व वेटलैंड दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘‘वेटलैंड्स और पारंपरिक ज्ञान – सांस्कृतिक विरासत का उत्सव’’ निर्धारित की गई है। इस थीम का उद्देश्य वेटलैंड्स और उनसे जुड़े स्थानीय समुदायों की सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व को उजागर करना है।
छत्तीसगढ़ राज्य वेटलैंड प्राधिकरण, राज्य में आर्द्रभूमियों (वेटलैंड्स) के संरक्षण, प्रबंधन और संवर्धन के लिए जिम्मेदार एक प्रमुख सरकारी निकाय है। इसने राज्य के 44 प्रमुख वेटलैंड्स को अधिसूचित किया है और बिलासपुर के कोपरा जलाशय को राज्य का पहला रामसर साइट घोषित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह प्राधिकरण छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 के तहत वर्ष 2030 तक 20 वेटलैंड्स को रामसर दर्जा दिलाने का लक्ष्य रख रहा है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वेटलैण्ड प्राधिकरण द्वारा राज्य के सभी वनमंडलों में उत्साहपूर्वक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के अंतर्गत बर्ड वॉक, स्कूली विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग एवं पोस्टर प्रतियोगिता, तथा स्टेकहोल्डर्स, स्थानीय गणमान्य नागरिकों, वेटलैंड क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं एवं वेटलैंड मित्रों के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
