Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

गरियाबंद में सांप्रदायिक हिंसा: मुख्य आरोपित गिरफ्तार, स्थिति तनावपूर्ण

रायपुर, 02 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले की धर्मनगरी राजिम के dutikaiya गांव में रविवार रात को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि मुख्य आरोपित आरिफ को उसके दो साथियों सलीम और इमरान के साथ गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ ग्रामीणों के साथ मारपीट, चाकूबाजी और अशांति फैलाने के मामले में केस दर्ज किया गया है।

रायपुर आईजी और गरियाबंद एसपी मामले की सीधी निगरानी कर रहे हैं ताकि हिंसा के पीछे किसी बड़ी साजिश या उकसावे की जांच की जा सके। आरिफ हाल ही में मूर्ति खंडित करने के पुराने मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था और आरोपित किया गया है कि उसने गांव में आते ही पुनः मारपीट शुरू कर दी, जिससे स्थिति बिगड़ गई।

पुलिस ने हिंसा के बाद कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। भीड़ द्वारा आरोपितों के घरों में आग लगाने और 11 घरों व वाहनों को नुकसान पहुँचाने के मामले में अज्ञात और चिन्हित ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बल पूरे गांव में तैनात है और ड्रोन कैमरों व वीडियो फुटेज के जरिए अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है, तथा धारा 144 लागू की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भीड़ द्वारा गरियाबंद एसपी और अन्य पुलिसकर्मियों पर पथराव करने के कारण शासकीय कार्य में बाधा डालने और हिंसा की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। 11 घरों और कई वाहनों में आगजनी के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रविवार रात को भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस पर पथराव हुआ, जिसमें 6 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।

अधिकारियों के अनुसार, पूरा मामला राजिम के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के दुतकैयां गांव का है, जहाँ पिछले तीन वर्षों से दोनों समुदायों के बीच तनाव चल रहा था। तीन साल पहले एक विशेष संप्रदाय के व्यक्ति ने गांव के शिवजी का मंदिर तोड़ दिया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी। जेल से लौटने के बाद, आरोपित ने अपने साथियों के साथ गवाही देने वाले ग्रामीणों पर हमला किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उनके घरों का घेराव कर आगजनी की। देर रात तक गाँव में स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। जैसे ही इस घटना की सूचना पुलिस को मिली, राजनांदगांव, धमतरी और महासमुंद जिले से पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठीचार्ज किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनावपूर्ण बनी हुई है। जब आईजी मौके पर पहुंचे, तब जाकर माहौल कुछ शांत हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *