Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

शिमला में पेड़ से लटका मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, आत्महत्या की आशंका

शिमला, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के झाकड़ी क्षेत्र में एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा।

पुलिस को यह सूचना रविवार को टेलीफोन के माध्यम से मिली कि झाकड़ी वार्ड नंबर-09 में एक व्यक्ति फांसी की हालत में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तथ्यों की जांच शुरू की। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और गवाहों से पूछताछ की गई।

जांच में मृतक की पहचान गणेश (40) के रूप में की गई है। वह हरियाणा के पंचकूला जिले के कालका क्षेत्र का निवासी था और वर्तमान में झाकड़ी गांव में किसी के घर पर रह रहा था। गणेश पेशे से कबाड़ी (स्क्रैप डीलर) का काम करता था। पुलिस ने उसके करीबी रिश्तेदार बलदेव को फोन कर मौके पर बुलाया।

बलदेव और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में देखा गया कि गणेश अमरूद के पेड़ की एक शाखा से सफेद और काले रंग की प्लास्टिक की रस्सी से फंदा लगाकर लटका हुआ था। पुलिस ने रस्सी को काटकर शव को नीचे उतारा।

नियमानुसार शव की तलाशी ली गई और मौके पर ही गहन निरीक्षण किया गया। पुलिस के अनुसार शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। केवल फंदे के निशान गर्दन पर मौजूद थे। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु भी बरामद नहीं हुई। पूरे घटनाक्रम की फोटोग्राफी की गई और गवाहों के बयान दर्ज किए गए।

पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच, गवाहों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर किसी तरह की आपराधिक साजिश या हत्या के संकेत नहीं मिले हैं। इसके बाद शव को पुलिस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए खनेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे शवगृह में रखा गया है।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *