Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

रायगढ़ के केलो बिहार में देह व्यापार का भंडाफोड़, दो स्थानीय आरोपित गिरफ्तार

रायगढ़, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं अनैतिक गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में बीती रात नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में देह व्यापार की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को पीटा एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि केलो बिहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार करा रहा है। सूचना के आधार पर, एसएसपी शशि मोहन सिंह को अवगत कराया गया, जिनके मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर और साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम गठित कर रेड की योजना बनाई गई।

पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर रुपये देकर मकान भेजा। पाइंटर से संकेत मिलने पर मकान की घेराबंदी कर एकाएक छापा मारा गया। मौके पर मकान के अंदर तीन महिलाएं, पुलिस पाइंटर, आरोपित डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र विश्वकर्मा निवासी कोतरारोड पाए गए। मकान से देह व्यापार में प्रयुक्त कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।

पूछताछ में नागेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि डिंपी इजारदार मकान का किरायेदार है, जो महिलाओं को लाकर उनसे वेश्यावृत्ति करवाता है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित डिंपी इजारदार किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर अनैतिक देह व्यापार का संचालन करता था तथा दलाली की भूमिका निभा रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के मोबाइल फोन, पाइंटर द्वारा दिया गया रकम एवं आपत्तिजनक सामग्री को गवाहों के समक्ष जप्त किया।

गिरफ्तार आरोपित:
1. डिंपी उर्फ राहुल इजारदार, उम्र 40 वर्ष, निवासी संतोष सोनी का मकान, केलो बिहार, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़
2. नागेंद्र विश्वकर्मा, उम्र 35 वर्ष, निवासी गणेश चौक, थाना कोतरारोड, रायगढ़

उक्त दोनों आरोपितों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 3, 4, 5 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *