Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

मुख्यमंत्री ने अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया, दौड़ में भाग लिया

नारायणपुर, 31 जनवरी (हिनूस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शनिवार की सुबह नारायणपुर के हाईस्कूल परिसर के निकट आयोजित हॉफ मैराथन में भाग लिया और धावकों को झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सांकेतिक रूप से दौड़ भी लगाई और विजेता प्रतिभागियों को दिए जाने वाले मैडल का अनावरण किया।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस ऐतिहासिक दौड़ में 60 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय धावकों के साथ-साथ 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिससे यह आयोजन विशेष बना। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ आज शांति, विश्वास और विकास के नए अध्याय की ओर तेजी से बढ़ रहा है। यह मैराथन केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि एक सुरक्षित और समावेशी भविष्य की दिशा में हमारे संकल्प का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अबूझमाड़ का यह क्षेत्र, जहां कभी आम नागरिकों और जवानों का पहुंचना भी कठिन था, आज सकारात्मक वातावरण के कारण हजारों लोगों का स्वागत कर रहा है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में लगे सुरक्षाबलों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके बलिदान से आज बस्तर में शांति और विकास की मजबूत नींव रखी गई है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हाल ही में बस्तर क्षेत्र में 351 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर सरकार के संकल्प को पुनः दोहराया।

यह 21 किलोमीटर लंबी हॉफ मैराथन नारायणपुर से बासिंग तक आयोजित की गई, जिसमें देश-विदेश से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस आयोजन में पूर्व में जुंबा वॉर्मअप कार्यक्रम भी संपन्न हुआ, जहां हजारों प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस बार की मैराथन में आत्मसमर्पित माओवादी युवाओं ने भी भाग लेकर शांति का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक केदार कश्यप, जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *