Friday, April 24खबर जो असर करे |
Shadow

संभल में चुनावी विवाद में ग्राम प्रधान की सास की हत्या

संभल, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के बबराला थाना क्षेत्र के पहलवाड़ा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद में ग्राम प्रधान की सास को गोली मारकर हत्या कर दिया गया। यह घटना शुक्रवार रात को हुई।

सूत्रों के अनुसार, पहलवाड़ा गांव में पवन और सुभाष नामक दो पक्षों के बीच प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई। इसमें ग्राम प्रधान की सास प्रेमवती (52) को गोली लग गई, जिससे उनकी जान चली गई।

दूसरे पक्ष का एक युवक भी घायल हुआ है। सुभाष पक्ष के देवेश नामक युवक के कान में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि सुभाष इस बार प्रधान पद के चुनाव की तैयारी कर रहा था और गांव में पिछले चार महीने से लगातार झगड़ों की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिनमें से एक विवाद गत दिसंबर में भी हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गुन्नौर सीओ आलोक सिद्धू और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी गांव पहुंचे। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना पुलिस के अलावा सर्विलांस और एसओजी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधीक्षक संभल कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े में राशन डीलर प्रेमवती की मौत हुई है। कुछ लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें चिकित्सा जांच के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *