Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

इंदौर के निवेश प्रोत्साहन केन्द्र में होंगी नई सुविधाएं, एक ही जगह पर मिलेगा सब कुछ

इंदौर, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के इंदौर में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और निवेशकों को सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर कार्यालय में निवेश प्रोत्साहन केन्द्र की स्थापना की गई है। इस केन्द्र का स्वरूप और सुविधाएं अधिक उपयोगी, पारदर्शी और निवेशक-हितैषी बनाई जाएंगी। इसके साथ ही, निवेश से जुड़ी सभी आवश्यक अनुमतियां, लाइसेंस और क्लीयरेंस एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया जाएगा।

यह जानकारी कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न एक महत्वपूर्ण बैठक में साझा की गई। बैठक में निवेश प्रोत्साहन केन्द्र के प्रभारी संयुक्त कलेक्टर प्रदीप सोनी और अन्य अधिकारियों समेत उद्योग संघों के प्रमुख एवं संबंधित हितधारक मौजूद थे।

कलेक्टर वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में औद्योगिक विकास को नई गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। साथ ही उन्होंने निवेश प्रोत्साहन केन्द्र के माध्यम से अनेक सुविधाएं जैसे परियोजनाओं संबंधित मार्गदर्शन, एकल खिड़की प्रणाली, राज्य सरकार की सब्सिडी और अन्य प्रोत्साहनों की जानकारी प्रदान करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने औद्योगिक संगठनों से यह अपील भी की कि वे औद्योगिक सुरक्षा को प्राथमिकता दें और दुर्घटनाओं की रोकथाम के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए दूषित जल के समुचित निपटारे की व्यवस्था पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *