
भोपाल, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के आनंद नगर क्षेत्र में प्रस्तावित बुलडोज़र कार्रवाई के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पटवारी ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण, असंवेदनशील और गरीब-विरोधी कहा।
शनिवार को आनंद नगर के व्यापारी मंडल और स्थानीय नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल पटवारी से मिला और अपनी समस्याएं साझा कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गोविंदपुरा विधानसभा के नागरिकों और प्रभावित दुकानदारों के साथ मजबूती से खड़ी है। पटवारी ने कहा कि आनंद नगर में 40 से 50 वर्षों से चल रही दुकानों को बिना संवाद, पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था के तोड़ना सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की आजीविका पर हमला है। उन्होंने यह भी कहा कि “जिस क्षेत्र ने चार दशकों तक भाजपा को समर्थन दिया, उसी क्षेत्र के लोगों को आज बुलडोज़र के नीचे कुचला जा रहा है। क्या यही जनता की वफादारी का प्रतिफल है?”
मुआवजे में भेदभाव का आरोप लगाते हुए पटवारी ने कहा कि कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों को ही लाभ मिला, जबकि अधिकांश छोटे दुकानदारों को या तो मुआवजा नहीं मिला या केवल नाममात्र की राशि दी गई। पटवारी ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में नई दुकान स्थापित करना बहुत कठिन है, इसलिए उचित पुनर्वास और सम्मानजनक मुआवजे के बिना दुकानों को हटाना सरासर अन्याय है।
उन्होंने इस मामले में भोपाल कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर आग्रह किया कि किसी भी गरीब दुकानदार की दुकान को वैकल्पिक व्यवस्था और उचित मुआवजा सुनिश्चित किए बिना न तोड़ा जाए। पटवारी ने भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष को निर्देश दिए कि आनंद नगर के दुकानदारों के समर्थन में तत्काल विरोध प्रदर्शन किया जाए और आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगी। गरीबों की रोज़ी-रोटी पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
