
कोलकाता, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। पार्क स्ट्रीट इलाके में स्थित एक प्रसिद्ध बार-कम-रेस्तरां में यूट्यूबर पर मटन की जगह बीफ परोसने का आरोप लगाया गया है, जिसके सिलसिले में कोलकाता पुलिस ने एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। यह घटना शुक्रवार रात की है, जब यूट्यूबर सायक चक्रवर्ती अपने दोस्तों के साथ ओलिपब नामक रेस्तरां में गए थे और मटन स्टेक का ऑर्डर दिया था। आरोप है कि उन्हें बीफ परोसा गया, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई। वेटर ने इसे गलती बताते हुए दोबारा मटन स्टेक लाने का आश्वासन दिया।
सायक चक्रवर्ती ने मामले की शिकायत पार्क स्ट्रीट थाने में दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने रेस्तरां के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और रेस्तरां प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
इस विवाद का वीडियो सायक चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में चक्रवर्ती यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि वे ब्राह्मण हैं और बीफ परोसे जाने से उनकी धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं। उन्होंने रेस्तरां प्रबंधन के कथित असहयोगी रवैये का भी विरोध किया।
जैसे ही मामला सामने आया, राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ भी तेज़ हुईं। भारतीय जनता पार्टी ने घटना की निंदा की है और इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। भाजपा नेता केया घोष ने सोशल मीडिया पर इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के पूरा होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
