Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

पटना उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस का बार और बेंच पर महत्वपूर्ण वक्तव्य

पटना, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। पटना उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संगम कुमार साहू और तीन नवनियुक्त जजों के सम्मान में बार काउंसिल ऑफ इंडिया और बिहार राज्य बार काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में मौर्या होटल में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जस्टिस संगम कुमार साहू के साथ-साथ जस्टिस रितेश कुमार, जस्टिस प्रवीण कुमार और जस्टिस अंशुल राज को सम्मानित किया गया।

समारोह में संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बार और बेंच न्यायिक व्यवस्था के दो पहिए हैं और दोनों के सामंजस्य से ही न्यायिक प्रणाली सफलतापूर्वक कार्य कर सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि निचली अदालतों में जमानत से जुड़े मामलों का निपटारा प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रहा है, जिससे उच्च न्यायालय पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है। इसके समाधान के लिए उन्होंने जिला जजों से चर्चा की और निचली अदालतों को प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

समारोह में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए चीफ जस्टिस को पुष्पगुच्छ, स्मृतिचिन्ह और अंगवस्त्र भेंट किए। वहीं, बिहार राज्य बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा ने कहा कि बार और बेंच एक-दूसरे के पूरक हैं और आपसी सहयोग से न्यायिक व्यवस्था जनहित के लिए सफलतापूर्वक कार्य करेगी।

इस अवसर पर महाधिवक्ता पी.के. शाही, वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश चंद्र वर्मा, कृष्णा प्रसाद सिंह, एस.डी. यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने जजों को स्मृतिचिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *