Sunday, April 26खबर जो असर करे |
Shadow

कलेक्टर न्यायालय में शहीद दिवस पर दो मिनट का मौन, अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में 30 जनवरी को शहीद दिवस को श्रद्धा, गरिमा और अनुशासन के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर न्यायालय परिसर में पूर्वान्ह 11 बजे अधिकारी-कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान समस्त शासकीय एवं गैर-शासकीय गतिविधियाँ पूर्णतः स्थगित रहीं और वातावरण गंभीर एवं शांत बना रहा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा-मुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्होंने समाज को नशा-मुक्त बनाने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा सकारात्मक और स्वस्थ सामाजिक वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया गया। शासन के निर्देशानुसार शहीद दिवस को पूर्ण गंभीरता, मर्यादा एवं जनसहभागिता के साथ मनाया गया, जिससे अमर शहीदों के त्याग, बलिदान और आदर्शों का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *