
कोपेनहेगन, 18 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। अमेरिका द्वारा ग्रीनलैंड पर नियंत्रण करने की चेतावनी के बाद, डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन और ग्रीनलैंड की राजधानी नुउक में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए हैं। ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेन्स फ्रेडरिक नीलसन ने नुउक से अमेरिकी दूतावास तक प्रदर्शन में भाग लिया। कोपेनहेगन में भी हजारों लोग दीवानगी के साथ सड़कों पर उतरे और ‘ग्रीनलैंड बिकाऊ नहीं है’ के नारे लगाए।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव पैदा किया है। नुउक में कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों लोगों ने प्रदर्शन में भाग लिया। इस बीच डेमोक्रेटिक सीनेटर क्रिस कून्स और रिपब्लिकन सीनेटर थॉम टिलिस के नेतृत्व में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने कोपेनहेगन का दौरा किया और डेनमार्क तथा ग्रीनलैंड के नेताओं को आश्वस्त किया कि ट्रंप का बयान अमेरिकी जनता की भावना नहीं है, और कांग्रेस संप्रभुता के सिद्धांतों का सम्मान करती है।
ट्रंप ने ग्रीनलैंड के बारे में डेनमार्क और यूरोपीय देशों की आलोचनाओं के जवाब में कड़े आर्थिक उपायों की घोषणा की है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि फ्रांस यूरोपीय देशों की संप्रभुता और स्वतंत्रता का समर्थन करता है। यदि टैरिफ लगाए जाते हैं, तो सामूहिक जवाब दिया जाएगा।
डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने ट्रंप की धमकी पर हैरानी जताई है। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने कहा है कि दूसरे यूरोपीय नेता भी मिलकर पलटवार की योजना बना रहे हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने नाटो सहयोगियों से मांग की है कि वे मिलकर कार्य करें।
यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के राजदूतों की रविवार को एक आपात बैठक हुई। यूरोपीय संघ प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीयन काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि ट्रंप के टैरिफ संबंधों को कमजोर कर रहे हैं।
ट्रंप ने कहा है कि ग्रीनलैंड को राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से हासिल करना आवश्यक है। यह द्वीप गोल्डन डोम मिसाइल डिफेंस सिस्टम के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। डेनमार्क के नेताओं का कहना है कि यह द्वीप बिक्री के लिए नहीं है और ग्रीनलैंड के निवासियों ने संभावित अधिग्रहण का विरोध किया है। इस बीच, व्हाइट हाउस ने द्वीप पर कब्जा करने के लिए सैन्य बल के इस्तेमाल के संभावित विकल्प को भी खारिज नहीं किया है।
