Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

मंदसौरः अफीम तस्करी के आरोपी की जेल में मृत्यु, सीने में दर्द के बाद हार्ट अटैक

मंदसौर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के मंदसौर स्थित जेल में बंद अफीम तस्करी के एक आरोपी, विमल पाटीदार (33) की सोमवार को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक बालागुड़ा का निवासी था और 11 मार्च 2025 से जेल में निरुद्ध था। जेल में उसे सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उसे सुबह लगभग 9 बजे जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसे कार्डियक अरेस्ट आया। डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए सीपीआर दिया, लेकिन दोपहर लगभग 1 बजे उसने दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमल को जब अस्पताल लाया गया, तब वह खुद चलकर भीतर आया था। जिला चिकित्सालय की डॉ. दिव्यांशी गौर ने बताया कि मरीज के अस्पताल पहुंचने पर उसका रक्तचाप काफी बढ़ा हुआ था और वह निरंतर सीने में दर्द की शिकायत कर रहा था। उसे त्वरित उपचार प्रदान किया गया, लेकिन कुछ ही समय में उसकी हालत बिगड़ गई।

डॉक्टरों का कहना है कि इलाज के दौरान विमल को कार्डियक अरेस्ट आया। मेडिकल टीम ने उसे तुरंत सीपीआर दिया और वेंटिलेटर पर भी शिफ्ट किया, लेकिन करीब एक घंटे तक चिकित्सा प्रयासों के बावजूद वह बच नहीं सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, विमल पाटीदार को सेंट्रल ब्यूरो आफ नारकोटिक्स की टीम ने गिरफ्तार किया था, जब उसके पास से 5 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई थी। पिछले लगभग 10 महीने से वह जेल में था। परिजनों ने बताया कि विमल अविवाहित था और उसके माता-पिता की एकमात्र संतान था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया है।

जेल अधीक्षक प्रेम कुमार सिंह ने जानकारी दी कि विमल को लगातार ब्लड प्रेशर की दवा लेनी पड़ रही थी। उसे इससे पहले 18 सितंबर 2025 को भी अस्पताल भेजा गया था। हाल ही में उसका इको टेस्ट भी किया गया था, जिसकी रिपोर्ट सामान्य आई थी। आज सुबह सीने में दर्द की शिकायत पर उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया था। जेल अधीक्षक ने बताया कि इस मामले की न्यायिक जांच होगी और मानवाधिकार आयोग द्वारा भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *