
रायगढ़, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ राज्य के रायगढ़ जिले के गारे पेलमा सेक्टर-1 में चल रहे आंदोलन की घटनाएँ अब विकराल रूप ले चुकी हैं। एक दुर्घटना के उपरांत उत्पन्न हालात, हिंसा और उसके बाद पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया ने ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया है। इस विरोध स्वरूप, आज हजारों प्रभावित ग्रामीणों ने तमनार थाना का घेराव कर लिया है।
थाने के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा एकत्रित हो चुके हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जिला बल के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल और महिला पुलिस भी तैनात की है। बैरिकेडिंग, हेलमेट, ढाल और लाठी से लैस पुलिस बल ने थाने के चारों ओर मोर्चा संभाल रखा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गारे पेलमा सेक्टर-1 के खिलाफ आंदोलन के दौरान पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए बिना किसी ठोस कारण निर्दोष व्यक्तियों पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। जबकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन कार्रवाइयों का करना आवश्यक था।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन और प्रभावित ग्रामीण आमने-सामने हैं। दोनों पक्षों के बीच संवाद की कोशिशें जारी हैं, लेकिन तनाव बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है। पूरे इलाके में सन्नाटा और बेचैनी का माहौल है, वहीं थाने के बाहर जनसैलाब प्रशासन पर दवाब बना रहा है।
