Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

अनूपपुर: युवा दिवस पर कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन

अनूपपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, पटना राजेन्द्रग्राम ने युवा दिवस के अवसर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य अमित कुमार घोष और प्रशासक पी. एस. विश्वास ने स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन करके किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए आत्मबल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। प्राचार्य अमित कुमार घोष ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होते हैं। विद्यालय के खेल शिक्षक ललित प्रताप ने सूर्य नमस्कार के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया और बताया कि योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी एकाग्र होता है। विद्यालय प्रशासक ने विद्यार्थियों को नियमित योग अभ्यास को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने अनुशासन के साथ विद्यालय परिसर में सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। मंच संचालन शिक्षक विवेक तिवारी और रघुनाथ द्विवेदी द्वारा किया गया।

अमरकंटक में भी कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन ने स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के विचारों के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना को जगाना था। उप-प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के बाद स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वामी अद्वैतानंद जी ने युवाओं को लक्ष्य की ओर समर्पित रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार दिए गए।
हिदुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *