Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

राजगढ़: पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत, एक घायल

राजगढ़, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में ग्राम पाड़ल्या रोड़ पर ग्राम खासपुरा जोड़ के निकट सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 22 वर्षीय युवक गंभीर तौर पर घायल हो गया। दोनों युवक सारंगपुर में आयोजित रोजगार मेला में भाग लेने जा रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, सारंगपुर-पाड़ल्या रोड़ पर ग्राम खासपुरा जोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी 09 जीई 8756) ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। बाइक सवार जितेन्द्र (21) पुत्र लक्ष्मणसिंह माली, निवासी पोलखेड़ा, थाना माचलपुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि घनश्याम (22) पुत्र कैलाश माली निवासी पोलखेड़ा को गंभीर चोटें आई। इस घटना से पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जानकारी मिलने पर एम्बूलेंस द्वारा घायल युवक को सिविल अस्पताल सारंगपुर में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे शाजापुर रेफर किया गया। बताया गया है कि दोनों युवक रोजगार की तलाश में सारंगपुर में आयोजित युवा संगम रोजगार मेला में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर पिकअप चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *