
अनूपपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती मनाई गई। इसे “राष्ट्रीय युवा दिवस” के मौके पर शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के प्रांगण में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, कलेक्टर हर्षल पंचोली, उपाध्यक्ष जिला पंचायत पार्वती राठौर और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों में योग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आकाशवाणी के पल-प्रतिपल कार्यक्रम के अनुसार किया गया। आकाशवाणी के माध्यम से राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम”, स्वामी विवेकानंद जी की वाणी, और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश प्रसारित किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने कतारबद्ध होकर सूर्य नमस्कार प्रार्थना और प्राणायाम किया, जिसमें सूर्य नमस्कार के 12 आसनों के तीन चक्र किए गए। इसके बाद अनुलोम-विलोम प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया, जिसे योग प्रशिक्षक राजेश शर्मा, श्रीनिवास तिवारी और माधुरी राठौर ने संचालित किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रगीत “वन्देमातरम्” गाया गया। इसके उपरांत स्वामी विवेकानंद जी के संदेश का प्रसारण हुआ और कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय, एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, डिप्टी कलेक्टर प्राशी अग्रवाल, जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त सरिता नायक, लोकतंत्र सेनानी श्रीमूलचंद अग्रवाल के साथ-साथ खेल शिक्षक, युवा, महिलाएं, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यालयों के विद्यार्थी भी सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
