
अनूपपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी में जहां तीन हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है, वहीं रोहिलाकछार गांव में रविवार रात एक हिंसक वन्यप्राणी ने गाय पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह जानवर रात के समय गांव में आहार की तलाश करता रहा।
जैतहरी के ग्राम पंचायत क्योटार के रोहिलाकछार गांव में बाबूलाल यादव जंगल से वापस लौट रहे थे, तभी गांव के आंगनवाड़ी के पास अचानक उस हिंसक वन्यप्राणी ने गाय पर हमला किया और उसे गंभीर चोटें पहुंचाईं। कुछ देर हंगामा होने पर जानवर जंगल की ओर भाग गया। लेकिन देर रात वह फिर से गांव में आ गया और आहार की खोज में छानी में चढ़ गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर उसे गांव से बाहर खदेड़ दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग जैतहरी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और आसपास के वन क्षेत्र में उस हिंसक वन्यप्राणी की गतिविधियों पर नजर रखने लगे। वहीं, गंभीर रूप से घायल गाय का उपचार पशु चिकित्सा विभाग द्वारा किया गया। वन विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे दिन के समय जंगल में न जाएं और अपने मवेशियों को भी वहां न ले जाएं।
