Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

अनूपपुर: स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर इंगाराजवि में स्वदेशी संकल्प की दौड़

अनूपपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में सोमवार को “रन फॉर स्वदेशी (स्वदेशी संकल्प रन)” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में स्वदेशी भावना, राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भरता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। यह कार्यक्रम प्रातः 7:30 बजे विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद भवन (प्रशासनिक भवन) से प्रारंभ हुआ। प्रभारी कुलपति प्रो. ब्योमकेश त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ को शुरू किया और स्वयं अग्रिम पंक्ति में रहकर प्रतिभागियों का नेतृत्व भी किया।

कार्यक्रम के दौरान, प्रो. त्रिपाठी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक आत्मसम्मान और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, ऊर्जा और सामर्थ्य को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित करें और समाज की सेवा में स्वस्थ शरीर और सशक्त मन के साथ आगे आएं।

स्वदेशी संकल्प दौड़ में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के लगभग 160 विद्यार्थियों ने भाग लिया और शिक्षकों एवं कर्मचारियों की भी अच्छी संख्या मौजूद रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, राष्ट्रीय कैडेट कोर इकाई एवं शारीरिक शिक्षा विभाग का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. एन.एस.एच. एन. मूर्ति, एनएसएस इकाई के डॉ. जयंत कुमार बेहरा, डॉ. जानकी प्रसाद, डॉ. आनंद सुगंधे सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित थे। संचालन की भूमिका डॉ. जयंत कुमार बेहरा ने निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *