Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले लगातार हार पर स्वियातेक बोलीं-किसी तरह की चिंता नहीं है, सब कुछ ठीक है

सिडनी, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 से पहले लगातार दो मैच हारने के बावजूद, वर्ल्ड नंबर-2 इगा स्वियातेक ने कहा है कि उन्हें किसी प्रकार की चिंता नहीं है और “सब कुछ ठीक है।” पोलैंड की इस स्टार खिलाड़ी ने स्वीकार किया कि उनका शरीर थका हुआ और “सुपर सोर” है, लेकिन वह पहले ग्रैंड स्लैम से पहले पूरी तरह से उबरने के प्रति आश्वस्त हैं। स्वियातेक को रविवार को सिडनी में यूनाइटेड कप फाइनल में स्विट्ज़रलैंड की बेलिंडा बेंचिच से 6-3, 0-6, 3-6 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्हें कोको गॉफ ने 4-6, 2-6 से हराया था। बेंचिच के खिलाफ मैच में स्वियातेक लय से बाहर दिखीं और उन्होंने लगातार सात गेम गंवाए, जिसमें एक दुर्लभ ‘लव सेट’ भी शामिल था। मैच के अंत में रैकेट फेंकना और उनकी आंखों में आंसू उनकी निराशा को साफ दर्शाते हैं। हालांकि, टीम इवेंट के तहत पोलैंड ने 2-1 से खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल के बाद स्वियातेक ने कहा, “सब कुछ ठीक है। बस शरीर बहुत ज्यादा थका हुआ है। पहले टूर्नामेंट का शरीर पर असर थोड़ा अलग होता है। मैं कुछ दिन आराम करूंगी और रिकवरी पर ध्यान दूंगी।” उन्होंने यह भी कहा कि टीम टूर्नामेंट खेलने में काफी ऊर्जा लगती है। बेंचिच के खिलाफ मैच में स्वियातेक ने 36 अनफोर्स्ड एरर किए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी ने केवल 10 गलतियां की। ऑस्ट्रेलियन ओपन रविवार से मेलबर्न पार्क में शुरू हो रहा है, ऐसे में स्वियातेक के पास सुधार के लिए ज्यादा समय नहीं है। उन्होंने कहा, “हम उन पहलुओं पर काम करेंगे जो इस हफ्ते सही नहीं रहे।” उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलियन ओपन ही एकमात्र ग्रैंड स्लैम है जिसे स्वियातेक अब तक नहीं जीत पाई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *