भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। विकसित मध्य प्रदेश के लक्ष्य की प्राप्ति के लिये केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाने हेतु “संकल्प से समाधान” अभियान 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक चलाया जाएगा। यह अभियान स्वामी विवेकानंद की जयंती “युवा दिवस” पर आरम्भ हो रहा है, जिसमें ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय एवं जिला स्तर पर चार चरणों में पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की योजना है।
इस अभियान का प्रथम चरण 12 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें आवेदन प्राप्त करने और शिकायतों के एकत्रीकरण हेतु दल गठित किया जाएगा। नोडल अधिकारी द्वारा सभी आवेदनों को सी.एम. हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करने का कार्य किया जाएगा।
द्वितीय चरण 16 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक और तृतीय चरण 16 से 26 मार्च 2026 तक चलेगा। अंततः, चतुर्थ चरण 26 से 31 मार्च 2026 तक सभी अनिराकृत आवेदनों के साथ नवीन प्राप्त आवेदनों का निराकरण करेगा। सभी चरणों में कलेक्टर और संबंधित विभाग के अधिकारी शिविरों में उपस्थित रहेंगे।
प्रभारी मंत्री जिलों के प्रभारी होंगे और अभियान के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पात्र हितग्राही को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
