रायपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और उनके विचार आज भी युवाओं के लिए ऊर्जा, दिशा और आत्मविश्वास का बड़ा स्रोत बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को यह सिखाया कि वे अपने भविष्य के निर्माता हैं। उनके विचार समाज सेवा, आत्मबल और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का उद्देश्य बनाने की प्रेरणा देते हैं। आज जब भारत अमृतकाल की ओर बढ़ रहा है, तब विवेकानंद जी की शिक्षाएँ युवाओं को जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और राष्ट्रहित के प्रति सजग नागरिक बनने का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने कहा कि यह गौरव का विषय है कि स्वामी विवेकानंद का जीवन रायपुर से जुड़ा हुआ है और यहां बिताया गया उनका समय प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना को विशेष पहचान देता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि स्वामी विवेकानंद के विचार आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के युवा उनके आदर्शों को अपनाकर समाज, राष्ट्र और मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
